मप्र : घूस लेकर शिकायत रफा-दफा, तीन पुलिसकर्मियों समेत चार लोगों पर मामला दर्ज

Ads

मप्र : घूस लेकर शिकायत रफा-दफा, तीन पुलिसकर्मियों समेत चार लोगों पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 07:54 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 07:54 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 24 अगस्त (भाषा) लोकायुक्त पुलिस ने इंदौर में एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं करके उसे छोड़ने के बदले रिश्वत लेने के आरोप में सोमवार को एक पुलिस निरीक्षक और दो आरक्षकों समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने बताया कि एक स्थानीय व्यक्ति को एक शिकायत के आधार पर मार्च में पुलिस की अपराध निरोधक शाखा के कार्यालय बुलाया गया था।

उन्होंने शिकायत का ब्योरा देने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि पुलिस कर्मियों ने इस (शिकायत) पर कोई कार्रवाई नहीं करने और संबंधित व्यक्ति को छोड़ने के बदले उससे कथित तौर पर 1.20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

सहाय के मुताबिक पुलिस कर्मियों ने 20 मार्च को 50,800 रुपये यूपीआई के माध्यम से दीपक पटेल नाम के व्यक्ति के खाते में अंतरित कराए और इसके बाद संबंधित व्यक्ति को छोड़ दिया गया।

उन्होंने बताया कि शेष 70,000 रुपये की कथित रिश्वत अगले दिन नकद ली गई।

सहाय ने कहा कि तकनीकी सबूतों की रोशनी में शिकायत सही पाए जाने पर पटेल के साथ ही अपराध निरोधक शाखा के तत्कालीन निरीक्षक सुजीत श्रीवास्तव तथा आरक्षकों– अभय सिंह और आरक्षक विकास सेंधव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा हर्ष

राजकुमार

राजकुमार