लंदन, 24 अगस्त (एपी) इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को सोमवार को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए टीम से बाहर कर दिया गया। यह कार्रवाई हालांकि मैदान से बाहर की घटना से जुड़ी हुई है।
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में कार्स को शनिवार रात डर्बी के एक नाइट क्लब के बाहर पुलिस की हथकड़ी में दिखाया गया। यह घटना उनकी क्लब टीम डरहम की ओर से मैच खेलने के बाद हुई।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बयान जारी कर कहा कि दूसरे टेस्ट के लिए कार्स की जगह सॉनी बेकर को टीम में शामिल किया गया है। दूसरा टेस्ट बृहस्पतिवार से शुरू होगा।
ईसीबी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, “ईसीबी के संज्ञान में आने के बाद ‘क्रिकेट रेगुलेटर’ ने पुष्टि की है कि वह शनिवार रात डर्बी में हुई घटनाओं की जांच करेगा। जांच जारी रहने और पूरी जानकारी सामने आने तक ब्रायडन कार्स पुरुष टीम के दूसरे टेस्ट के चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।’’
‘क्रिकेट रेगुलेटर’ ईसीबी के नियमों के संभावित उल्लंघन से जुड़े मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच करता है। जांच के बाद कोई कार्रवाई नहीं करने, चेतावनी देने या नियमों के उल्लंघन का आरोप तय करने जैसे विकल्प हो सकते हैं।
कार्स से जुड़ी यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम पर लगाया गया आधी रात का कर्फ्यू हाल ही में नए कप्तान जो रूट के कार्यभार संभालने के बाद हटा दिया गया था।
एपी आनन्द सुधीर
सुधीर