भोपाल, तीन मई (भाषा) मध्यप्रदेश सरकार ने रविवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 62 अधिकारियों के तबादले किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया, उनमें 19 जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शामिल हैं।
गृह विभाग द्वारा रविवार तड़के जारी आदेश के अनुसार, सिंगरौली के पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री को स्थानांतरित कर भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) पद पर तैनात किया गया है।
यह तबादला जिले में हाल ही में दिनदहाड़े हुई 15 करोड़ रुपये की बैंक डकैती की घटना के बाद किया गया है।
सिवनी के पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता को इंदौर में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति सिवनी जिले में पुलिस अधिकारियों से जुड़े हवाला मामले की जांच के बीच की गई है।
आदेश के मुताबिक, भिंड, शिवपुरी, रीवा, सागर, धार, मुरैना, छतरपुर, खंडवा, नीमच, पांढुर्णा, सिंगरौली, दमोह और सिवनी समेत 19 जिलों के पुलिस अधीक्षकों का तबादला किया गया है।
इसके अलावा पदोन्नति के बाद पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ कई अधिकारियों को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
रीवा के पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र चौहान को भोपाल में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) बनाया गया है जबकि धार के पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी को इंदौर में डीआईजी (नारकोटिक्स) तथा झाबुआ के एसपी शिवदयाल को भोपाल पुलिस मुख्यालय में डीआईजी नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (रेडियो) रियाज इकबाल, राहुल कुमार लोढ़ा (एसपी रेल, भोपाल) और सिमाला प्रसाद (एसपी रेल, जबलपुर) को भी पुलिस मुख्यालय में डीआईजी के पद पर तैनात किया गया है।
भिंड के पुलिस अधीक्षक असीत यादव को ग्वालियर रेंज का डीआईजी बनाया गया है, जबकि भोपाल के डीसीपी (जोन-2) विवेक सिंह को शहडोल रेंज का डीआईजी नियुक्त किया गया है।
भाषा दिमो जितेंद्र
जितेंद्र