मुरैना, छह अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में छुट्टी पर आए सेना के एक जवान ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने बताया कि घटना अंबाह थाना क्षेत्र के खजुरी रोड की है। आरोपी सोनू सिकरवार ने बुधवार देर रात अपनी पत्नी रानी (33) के सिर में दो गोलियां दाग दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सेना का जवान है और करीब 10 दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था।
प्रारंभिक जांच में घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। विधि विज्ञान प्रयोगशाला(एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी रवि भदौरिया ने बताया कि आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं दिमो
संतोष
संतोष