बैतूल (मध्यप्रदेश), 19 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 25 वर्षीय एक युवक ने बृहस्पतिवार को अपने माता-पिता और छोटे भाई की कथित तौर पर लोहे की छड़ और लकड़ी के डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमले में पांच वर्षीय बच्चा भी घायल हुआ है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सांवगा में हुई इस घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों ने दावा किया है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) वीरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि मृतकों की पहचान आरोपी के पिता राजू उर्फ हंसू धुर्वे (55), मां कमलती धुर्वे (40) और भाई दिलीप धुर्वे (20) के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि आरोपी दीपक धुर्वे (25) ने अपने पांच वर्षीय भांजे प्रशांत परते पर भी हमला किया और उसकी हालत गंभीर है।
जैन ने पड़ोसियों के हवाले से बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ।
उन्होंने बताया कि पड़ोसियों के खटखटाए जाने के बाद भी जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तब वे उसे तोड़कर अंदर घुसे और पाया कि आरोपी दीपक धुर्वे घटनास्थल पर ही मौजूद था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी तीनों शवों के पास चुपचाप बैठा था और मौके पर एक बिल्ली का शव भी मिला है।
उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी ने बिल्ली को भी मार दिया।
पुलिस पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी पिछले कुछ साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और हाल ही में नागपुर से इलाज कराकर लौटा था।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया ने ‘पीटीआई वीडियो’ सेवा को बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और हत्या की जगह से लोहे की छड़ और डंडे मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
आरोपी युवक की मानसिक स्थिति के बारे में पूछे जाने पर डहेरिया ने बताया कि उसके स्वास्थ्य जांच के रिकॉर्ड देखे जाएंगे तभी इस बारे में कुछ भी स्पष्ट हो सकेगा।
भाषा सं ब्रजेन्द्र शफीक
शफीक