आगर मालवा, तीन मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले के प्रसिद्ध बगलामुखी माता मंदिर से अपनी चप्पल चोरी होने पर एक नायब तहसीलदार ने चोर को सीसीटीवी के फुटेज की मदद से खुद ढूंढा और पुलिस को पत्र भेजकर चोर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चप्पल चोरी की घटना सोमवार (दो मार्च) को हुई, जब नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी नलखेड़ा स्थित बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे।
चंद्रवंशी ने घटना के बारे में पुलिस अधीक्षक को बाकायदा आधिकारिक पत्र भेजा जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गई है और लोग इस मामले में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं व्यक्त कर रहे हैं।
नायब तहसीलदार ने पत्र में कहा, ‘मैं दो मार्च को अपराह्न 3:15 बजे बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था। मैंने अपनी चप्पल रसीद काउंटर के पास उतारी थी। दर्शन के उपरांत रसीद काउंटर पर अपराह्न 3:25 बजे पहुंचने पर मेरी चप्पल, जो लगभग 500 रुपये की थी, निर्धारित स्थान पर नहीं मिली।’
नायब तहसीलदार ने पत्र में कहा कि सीसीटीवी के फुटेज और मंदिर के कर्मचारियों की मदद से उन्होंने एक चप्पल चोर की पहचान की और पूछताछ में उसने चप्पल चुराने की बात स्वीकार किया।
अधिकारी ने पत्र में यह भी कहा,’बगलामुखी मंदिर में आए दिन चप्पल-जूते और महंगे सामान चोरी हो रहे हैं, जिससे लोगों की आस्था आहत होती है।’
चंद्रवंशी ने कहा कि अपनी चप्पल ढूंढने के कारण उन्हें एक घंटा परेशान होना पड़ा और एक पटवारी व एक अन्य व्यक्ति के ढूंढने पर भी चप्पल नहीं मिली।
नायब तहसीलदार ने पुलिस को भेजे पत्र में कहा कि चप्पल चोर पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की जाए।
नलखेड़ा थाना प्रभारी नागेश यादव ने कहा,’नायब तहसीलदार चंद्रवंशी के पत्र पर जांच के बाद विधिसम्मत कदम उठाए जाएंगे।’
भाषा
सं, हर्ष रवि कांत