मप्र : तेज रफ्तार से एसयूवी दौड़ाने से रोका तो चालक ने सुरक्षा गार्ड की कुचलकर हत्या की

मप्र : तेज रफ्तार से एसयूवी दौड़ाने से रोका तो चालक ने सुरक्षा गार्ड की कुचलकर हत्या की

मप्र : तेज रफ्तार से एसयूवी दौड़ाने से रोका तो चालक ने सुरक्षा गार्ड की कुचलकर हत्या की
Modified Date: August 27, 2026 / 07:02 pm IST
Published Date: August 27, 2026 7:02 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 27 अगस्त (भाषा) इंदौर में तेज रफ्तार से स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) दौड़ाने से रोकने पर विवाद के बाद चालक ने एक कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड की इस वाहन से कथित तौर पर कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमन सिंह राठौर ने बताया कि लसूड़िया थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर बुधवार रात सुरक्षा गार्ड धर्मेंद्र मालवीय अपने परिवार के साथ बैठे थे, तभी राजा कुमावत नामक व्यक्ति तेज रफ्तार से एसयूवी दौड़ाते हुए वहां पहुंचा।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड ने कुमावत को कॉलोनी में तेज गति से वाहन चलाने पर टोका, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

डीसीपी ने बताया कि कुमावत वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद लौटा और ज्यादा तेज रफ्तार से एसयूवी दौड़ाते हुए सुरक्षा गार्ड और उनकी पत्नी ज्योति मालवीय को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि जोरदार टक्कर से सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गई।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने कुमावत और उसके साथ एसयूवी में मौजूद एक महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो फुटेज भी खंगाला जा रहा है।

भाषा हर्ष शफीक

शफीक


लेखक के बारे में