इंदौर, 22 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इंदौर स्थित घर के सामने अनधिकृत प्रदर्शन के आरोप में पुलिस ने बुधवार को सामाजिक कार्य से जुड़े एक दम्पति को हिरासत में लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पाण्डेय और उनकी पत्नी संगीता पाण्डेय नीट-यूजी परीक्षा की कथित गड़बड़ियों को लेकर दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की अगुवाई में जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में विजयवर्गीय के इंदौर स्थित घर के सामने पहुंचे थे।
हालांकि, विधानसभा का मॉनसून सत्र जारी होने के कारण मंत्री भोपाल में थे।
विरोध प्रदर्शन का कारण पूछे जाने पर प्रहलाद पाण्डेय ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान दावा किया कि विजयवर्गीय ने कॉजपा प्रदर्शन को प्रायोजित बताते हुए इसमें शामिल विद्यार्थियों पर अनुचित टिप्पणी की है।
चश्मदीदों ने बताया कि विजयवर्गीय के नंदा नगर स्थित घर के सामने विरोध प्रदर्शन के दौरान दम्पति से तीखी बहस और हंगामे के बीच पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और गाड़ी में बिठाकर अपने साथ ले गई।
परदेशीपुरा थाने के प्रभारी आर. डी. कानवा ने कहा कि दम्पति बिना किसी अनुमति के काबीना मंत्री के घर के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और इससे सड़क पर अव्यवस्था उत्पन्न हो सकती थी।
थाना प्रभारी ने बताया,‘‘दम्पति को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।’’ भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब