मप्र : पिता की हत्या करने के बाद फरार बेटा गिरफ्तार

Ads

मप्र : पिता की हत्या करने के बाद फरार बेटा गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 03:44 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 03:44 PM IST

बड़वानी, 26 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में संपत्ति विवाद के चलते अपने पिता की कथित तौर पर हत्या करने के बाद फरार 33 वर्षीय व्यक्ति को एक महीने से अधिक समय की तलाश के बाद आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

बड़वानी पुलिस थाने के प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने संवाददाताओं को बताया कि बड़वानी के ग्रामीण क्षेत्र में 20 अप्रैल को चंदन बड़ोले (33) ने संपत्ति में हिस्सा नहीं दिए जाने को लेकर अपने पिता जगन बड़ोले (58) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी।

बिसेन ने बताया कि वारदात के बाद चंदन जंगल में छिप गया था और सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके अपने छोटे भाई की पत्नी की दूसरी शादी में शामिल होने वाले लोगों को जान से मारने की धमकी दी थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि चंदन अमलाली गांव के जंगल में एक मंदिर में छिपा हुआ है, जिसके बाद उसकी घेराबंदी की गई।

बिसेन के अनुसार, पुलिस को देखकर चंदन मंदिर की छत से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ऊंचाई से छलांग लगाने के कारण उसके पैरों में चोट लग गई।

उन्होंने बताया कि घायल अवस्था में गिरफ्तार आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) पद्मविलोचन शुक्ल ने आरोपी को गिरफ्तार करने वाले पुलिस दल को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

भाषा

सं. हर्ष पारुल

पारुल