मप्र : महिला सहायक प्राध्यापक की पदस्थापना के नाम पर रिश्वत लेते पकड़ा गया शिक्षक

Ads

मप्र : महिला सहायक प्राध्यापक की पदस्थापना के नाम पर रिश्वत लेते पकड़ा गया शिक्षक

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 07:49 PM IST

इंदौर, 27 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में लोकायुक्त पुलिस ने एक महाविद्यालय के शिक्षक को महिला सहायक प्राध्यापक की पदस्थापना के नाम पर 50,000 रुपये की कथित रिश्वत लेते बुधवार को रंगे हाथ पकड़ा। लोकायुक्त पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुनील तालान ने बताया कि खरगोन जिले के मंडलेश्वर स्थित शासकीय महाविद्यालय में पदस्थ सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी को इंदौर जिले के निवासी मनोज वास्केल की शिकायत पर जाल बिछाकर पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी एक ढाबे पर शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की कथित रिश्वत ले रहा था।

तालान ने बताया,‘‘शिकायतकर्ता की पत्नी उर्मिला वास्केल का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से सहायक प्राध्यापक पद पर हुआ था। उनकी पदस्थापना पहले मंदसौर जिले के दलौदा में हुई थी। बाद में उन्हें धार में नियुक्त कर दिया गया था।’’

उन्होंने बताया कि सोलंकी ने यह झांसा देते हुए शिकायतकर्ता से चार लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगी कि उसने ही उसकी पत्नी की धार में पदस्थापना कराई है।

तालान ने शिकायत के हवाले से बताया कि सोलंकी इस पदस्थापना के नाम पर एक लाख रुपये की कथित रिश्वत पहले ही ले चुका था तथा तीन लाख रुपये और मांग रहा था।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 के तहत दर्ज प्राथमिकी की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा हर्ष

राजकुमार

राजकुमार