मप्र: ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के भाई समेत दो लोग हिरासत में

Ads

मप्र: ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के भाई समेत दो लोग हिरासत में

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 10:22 PM IST

इंदौर, नौ जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर में पुलिस ने बृहस्पतिवार को करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया और इस मामले में प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में कथित तौर पर बताया है कि वे मादक पदार्थ की यह खेप प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष के छोटे भाई और अन्य व्यक्ति को सौंपने जा रहे थे।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नरेंद्र रावत ने संवाददाताओं को बताया,‘‘राजेंद्र नगर पुलिस ने मुखबिर की पुख्ता सूचना के आधार पर इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई को पकड़ा। उनके कब्जे से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर और एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) बरामद किया गया।’’

उन्होंने बताया कि इस मादक पदार्थ की बरामदगी के मामले में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वे ब्राउन शुगर की इस खेप को नाना पटवारी उर्फ कुलभूषण पटवारी और मानव गंगवानी नामक व्यक्तियों को देने जा रहे थे।

उन्होंने बताया,‘‘नाना और गंगवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।’’

रावत ने कहा कि पुलिस की पूछताछ और जांच जारी है और इसके आधार पर मादक पदार्थ के नेटवर्क के बारे में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य लोगों के खिलाफ भी उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नाना पटवारी पर नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं और अन्य लोगों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

उधर, पटवारी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सियासी बदले की कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके छोटे भाई नाना पटवारी को झूठे मामले में हिरासत में लिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम सम्बोधित बयान में कहा कि इंदौर पुलिस ने उनके भाई को बगैर सूचना के हिरासत में लेकर सियासी संदेश दिया है कि भाजपा अब ‘बदला’ ले रही है और जो भी सत्ता या मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाएगा, उसे दबाने के लिए ‘कानून’ का सहारा भी लिया जाएगा।

उन्होंने कहा,’मैं जानता था कि सरकार की निजी दुर्भावना के चलते मेरे और मेरे परिजनों के खिलाफ झूठी कानूनी कार्रवाइयां जरूर की जाएंगीं।’

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ‘कानूनी दबाव-प्रभाव से भरी राजनीति’ से न तो डरेगी और न ही झुकेगी, बल्कि और ज्यादा ताकत से मैदानी लड़ाई लड़ेगी।

कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने ‘एक्स’ पर कहा,‘‘मुझे जीतू पटवारी से ज्ञात हुआ कि इंदौर पुलिस ने बिना किसी अपराध की सूचना दिए उनके छोटे भाई को अचानक गिरफ्तार किया और उनके परिवार को यह सूचना भी नहीं दी गई कि उन्हें (गिरफ्तारी के बाद) कहां ले जाया गया है।’’

वरिष्ठ वकील ने अपनी पोस्ट में पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों को टैग करते हुए लिखा,’आग्रह है कि ऐसी परिस्थिति मत बनाएं जो भविष्य में तकलीफदायक बने।’’

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र