मध्यप्रदेश: तबादले के लिए मुख्यमंत्री के नाम से फर्जी पत्र तैयार करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

मध्यप्रदेश: तबादले के लिए मुख्यमंत्री के नाम से फर्जी पत्र तैयार करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 09:47 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 09:47 PM IST

आलीराजपुर (मप्र), 23 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले की एक आयुष चिकित्सा अधिकारी के तबादले के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम से फर्जी पत्र तैयार करने के मामले में पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राजेश अतुलकर ने शिकायत दर्ज कराई कि 21 जुलाई को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने वॉट्सऐप के जरिये फर्जी पत्र भेजा था।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार सीएमएचओ कार्यालय को संबोधित पत्र मुख्यमंत्री के नाम से तैयार किया गया था और इसमें मुख्यमंत्री के फर्जी ‘लेटरपैड’ व तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था।

उन्होंने बताया कि पत्र में जिले की आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मला निगवाल का उदयगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सोंडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरण किए जाने के आवेदन का हवाला दिया गया था।

सिंह ने बताया कि फर्जीवाड़े के इस मामले में सीहोर जिले के मुकेश भोंसले (33) को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से मोबाइल फोन और टैबलेट जब्त किए गए।

पुलिस निरीक्षक सोनू सितोले ने बताया कि जांच में आयुष चिकित्सा अधिकारी के वाहन चालक नवल सिंह द्वारा भोंसले को यूपीआई के जरिये 15,000 रुपये का भुगतान किए जाने के बारे में पता चला है।

उन्होंने बताया कि आयुष चिकित्सा अधिकारी व उनके वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।

भाषा हर्ष आशीष

आशीष