मध्यप्रदेश के छतरपुर में एक व्यक्ति ने महिला से शादी करने की चाहत में उसके दो बेटों की हत्या की

Ads

मध्यप्रदेश के छतरपुर में एक व्यक्ति ने महिला से शादी करने की चाहत में उसके दो बेटों की हत्या की

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 07:49 PM IST

छतरपुर (मध्यप्रदेश), 23 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक व्यक्ति ने एक महिला से शादी करने की चाहत में उसके दो नाबालिग बेटों का अपहरण करके हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मामला जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र का है और दोनों बच्चों के शव जुझार नगर थाना क्षेत्र के बारीगढ़ में एक कुएं से बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लवकुशनगर के सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के बेटे सचिन यादव (11) और प्रेम यादव (9) शुक्रवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं लौटे।

उन्होंने बताया कि काफी देर तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और जब कोई सुराग नहीं मिला तो बच्चों की मां संगीता यादव ने लवकुशनगर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया।

छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच शुरू की और पाया कि बालकेश सिंह नामक युवक दोनों बच्चों को अपने साथ ले गया है।

उन्होंने कहा कि इसके बाद पांच थानों की टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया।

सकलेचा ने बताया कि रविवार को सूचना मिली कि जुझार नगर थाना क्षेत्र के बारीगढ़ में एक कुएं से दोनों बच्चों के शव बरामद हुए हैं।

उन्होंने कहा, ‘घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।’

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बालकेश सिंह परिवार का परिचित था और उसका बच्चों के घर आना-जाना था।

पुलिस ने बताया कि इसी वजह से बच्चे उसके साथ सहजता से चले गए।

उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

लवकुशनगर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) नवीन दुबे ने बताया कि महिला के बयान के अनुसार आरोपी उसके संपर्क में था और कथित तौर पर वह उससे शादी करना चाहता था।

उन्होंने बताया कि आरोपी व्यक्ति महिला पर पति और अन्य रिश्तेदारों से संपर्क नहीं रखने के लिए दबाव डाला करता था।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला के विस्तृत बयान और जांच के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब

जोहेब

ताजा खबर