इंदौर (मध्यप्रदेश), 18 मई (भाषा) इंदौर में एक व्यस्त सड़क पर सोमवार को बेकाबू टैंकर ने मोटरसाइकिल पर सवार परिवार को रौंद दिया जिससे एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) अमरेंद्र सिंह ने बताया कि धार से इंदौर आ रही मोटरसाइकिल को चंदन नगर क्षेत्र में टैंकर ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी।
उन्होंने कहा कि इस मोटरसाइकिल पर एक ही परिवार के छह लोग सवार थे।
सिंह के मुताबिक घटना में एक वर्षीय बालिका संतोषी और दो वर्षीय वर्ष बालक रोहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां अनीता (28) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में दो अन्य लोग घायल हुए जिनका उपचार किया जा रहा है।
सिंह ने बताया कि घटना की शुरुआती जांच में टैंकर चालक की लापरवाही सामने आई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने टैंकर जब्त करके चालक को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके खिलाफ संबद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा हर्ष रंजन
रंजन