मप्र : जबलपुर में रील बनाने के दौरान डूबने से दो लोगों की मौत, एक लापता

Ads

मप्र : जबलपुर में रील बनाने के दौरान डूबने से दो लोगों की मौत, एक लापता

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 08:24 PM IST

जबलपुर, 23 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में बृहस्पतिवार को रील बनाने के दौरान नहर में फिसल कर डूब जाने से एक लड़की और एक महिला की मौत हो गई जबकि उसी परिवार से जुड़ी एक लड़की अभी तक लापता है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अंजुल अयंक मिश्रा ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना बरगी थाना क्षेत्र के सालीबाड़ा गांव में सुबह आठ से नौ बजे के बीच हुई।

उन्होंने बताया कि नहर के पास खड़े चार लोग अपना संतुलन खो बैठे और बरगी बांध की नहर के तेजी से बहते पानी में गिर गए।

उन्होंने बताया कि एक महिला तैरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में कामयाब रही।

सीएसपी ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के बचावकर्मियों ने शीतल पटेल (20) और सानिया पटेल (8) के शवों को चार घंटे की मशक्कत के बाद बरामद किया।

मिश्रा ने बताया कि तनु पटेल (18) का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित रिश्तेदार हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि पीड़ित एक शादी में शामिल होने के लिए गांव आए थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पांच लोग नहर में गई थीं और उनमें से चार लोग किनारे के पास एक वीडियो बना रहे थे। उसी समय यह घटना हुई।

भाषा

सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत