मप्र: विधायक की गाड़ी दमकल वाहन से धुलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर आया सामने

Ads

मप्र: विधायक की गाड़ी दमकल वाहन से धुलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर आया सामने

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 07:46 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 07:46 PM IST

सिंगरौली (मध्यप्रदेश), 26 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के सिंगरौली में दमकल वाहन से उसके कर्मचारियों द्वारा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय विधायक रामनिवास शाह के कार की कथित तौर पर धुलाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाद खड़ा हो गया।

वीडियो में तीन कर्मचारी दमकल वाहन की पाइप से शाह की कार की धुलाई करते दिखे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठाने लगे कि क्या अब दमकल का यही काम रह गया है?

विवाद बढ़ने के बाद विधायक शाह ने सफाई देते हुए कहा कि उनके इलाके में ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी और इसकी वजह से पानी भी नहीं आ रहा था।

उन्होंने कहा कि पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जब नगर निगम से संपर्क किया गया तो उनकी तरफ से आसपास के सरकारी आवासीय इमारतों की टंकियों में पानी भरने के लिए पानी टैंकर की जगह दमकल की गाड़ी भेज दी गई।

शाह ने कहा कि टंकियों मे पानी भर कर दमकल के लोग जब लौट रहे थे तभी उनके वाहन चालक ने उनसे बचे हुए पानी (दमकल वाहन) से कार धोने का आग्रह किया और उन्होंने धो दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना को नकारात्मक रूप देकर बेवजह का विवाद खड़ा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इसे इस रूप में पेश किया जा रहा है मानो गाड़ी की धुलाई के लिए विशेष रूप से दमकल टीम को बुलाया गया हो।

सिंगरौली नगर निगम के अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने भी विधायक के दावे की पुष्टि की और कहा कि उनके इलाके की इमारतों में पानी नहीं था, जिसकी पूर्ति के लिए नगर निगम ने पानी टैंकर के बजाय दमकल की गाड़ी भेज दी। उन्होंने कहा कि बचे हुए पानी को विधायक के चालक ने गाड़ी धोने में इस्तेमाल कर लिया, जो महज एक संयोग था।

भाषा सं ब्रजेन्द्र अमित

अमित