उज्जैन में 12 वर्षीय लड़की से जघन्य बलात्कार के कारण कलंकित हुआ मप्र का नाम : कमलनाथ

उज्जैन में 12 वर्षीय लड़की से जघन्य बलात्कार के कारण कलंकित हुआ मप्र का नाम : कमलनाथ

उज्जैन में 12 वर्षीय लड़की से जघन्य बलात्कार के कारण कलंकित हुआ मप्र का नाम : कमलनाथ
Modified Date: September 30, 2023 / 11:01 am IST
Published Date: September 30, 2023 11:01 am IST

इंदौर, 30 सितंबर (भाषा) उज्जैन में 12 वर्षीय लड़की से जघन्य बलात्कार को लेकर मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को कहा कि इस घटना से सूबे का नाम कलंकित हो गया है।

कमलनाथ इंदौर के शासकीय महाराजा तुकोजीराव होलकर महिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां बलात्कार पीड़ित लड़की पिछले चार दिन से भर्ती है और उसकी जटिल सर्जरी की गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने लड़की का इलाज कर रहे चिकित्सकों से उसका हाल-चाल जाना।

कमलनाथ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘चिकित्सकों ने मुझे बताया है कि सर्जरी के बाद बच्ची की हालत ठीक है। इसमें सुधार हो रहा है। हालांकि, वह मानसिक रूप से अब भी परेशान है। इसलिए उसकी बेहतरी के लिए मनोवैज्ञानिक की नियुक्ति की गई है।’’

उन्होंने कहा कि उज्जैन में 12 वर्षीय लड़की से जघन्य बलात्कार के कारण सूबे का नाम कलंकित हुआ है। कमलनाथ ने दावा किया कि ऐसी कई घटनाएं प्रदेश भर में रोज हो रही हैं, लेकिन वे सामने ही नहीं आ पाती हैं।

कमलनाथ ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिलाओं और आदिवासियों के खिलाफ होने वाले अत्याचारों के साथ ही भ्रष्टाचार के पैमाने पर भी मध्य प्रदेश देश भर में पहले स्थान पर है।

कमलनाथ ने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश को चौपट प्रदेश, घोटाला प्रदेश और भ्रष्ट प्रदेश बना दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से पीड़ित लड़की के परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी और उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के किसी बड़े अस्पताल भेजने के प्रबंध के लिए भी पार्टी तैयार है।

कमलनाथ के मुताबिक, लड़की का इलाज कर रहे चिकित्सकों की राय है कि उसके स्वास्थ्य में सुधार के चलते उसे किसी दूसरे शहर के अस्पताल भेजे जाने की आवश्यकता नहीं है।

भाषा

हर्ष

पारुल

पारुल


लेखक के बारे में