जबलपुर, 23 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में निर्माण कार्य और संपत्ति के लेन-देन में शामिल 32 वर्षीय एक व्यक्ति की बृहस्पतिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक(नगर) सतीश कुमार साहू ने संवाददाताओं को बताया कि यह वारदात संजय नगर में शिव शक्ति तिराहा के पास सुबह करीब आठ बजे हुई और उस समय क्लेरेंस एटकिंस अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि दो नकाबपोश युवक मोटरसाइकिल से उनके पास आए और उनके सिर पर नजदीक से गोली मारकर मौके से फरार हो गए।
अधिकारी ने बताया कि एटकिंस को अस्पताल ले जाया गया और फिर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान दोपहर में उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड तस्वीरों का विश्लेषण किया और कुछ संदिग्धों की पहचान की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम ने शहर से बाहर जाने वाले मार्गों की भी जांच की लेकिन हत्यारे अब भी फरार हैं।
प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए पुलिस ने कहा कि रायपुर में एक भूमि सौदे से जुड़े विवाद के कारण संभवतः इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया होगा।
उन्होंने बताया कि एटकिंस एक सिविल इंजीनियर थे और निर्माण कार्य और संपत्ति के कारोबार से जुड़े थे।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है और मामले के सिलसिले में एक पिता-पुत्र को जांच के दायरे में लाया गया है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र धीरज
धीरज