madhyapradesh weather/ image source: ibc24
MP Weather Update: भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। इस सीजन में पहली बार तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। खासतौर पर 16 और 17 अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ सकते हैं।
प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन नर्मदापुरम इस समय सबसे गर्म शहर बनकर सामने आया है, जहां 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने भी जरूरी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। सागर और अशोकनगर में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब नर्सरी से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी, ताकि बच्चों को गर्मी के प्रकोप से बचाया जा सके। प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से सहयोग की अपील की है और कहा है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।