भोपाल, 13 मई (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एक होटल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ मिले एक मुस्लिम युवक के साथ कथित रूप से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक किशोर समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना 10 मई को हुई थी। बाद में इस घटना को लेकर मंगलवार देर रात प्रदर्शन और पथराव भी हुआ।
गोविंदपुरा इलाके में एक होटल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ मिले मुस्लिम युवक की रविवार को कथित तौर पर एक दक्षिणपंथी संगठन के सदस्यों ने पिटाई की थी। आरोपियों ने युवक के शरीर पर गोबर लगाया और उसे सड़क पर घुमाया।
एक अधिकारी ने बताया कि गोविंदपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया है तथा वीडियो फुटेज एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर बुधवार को दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि इनमें एक किशोर है, जिसे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली है।
इस बीच, पुराना भोपाल इलाके में मंगलवार देर रात 10 मई की घटना के विरोध में एकत्र भीड़ ने प्रदर्शन किया और पथराव किया, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने कहा, ‘‘पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कई लोग वहां से चले गए, लेकिन करीब 300-400 लोग प्रदर्शन करते रहे और पथराव भी किया। पथराव में तलैया थाने का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।’’
उन्होंने बताया कि पथराव के संबंध में मामला दर्ज किया गया है तथा दो-तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
एक वीडियो में भोपाल मध्य से विधायक आरिफ मसूद और भोपाल उत्तर से विधायक आरिफ अकील आक्रोशित भीड़ को शांत कराते एवं लोगों से कानून हाथ में नहीं लेने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं।
मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने मंगलवार को भोपाल पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने 10 मई की घटना के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने भोपाल के काजी-ए-शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी से मुलाकात की। बाद में उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है तथा उन्हें जल्द तलाश कर गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए आर इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन (एआईएमआईएम) ने आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान नदवी से मुलाकात कर इस घटना पर चर्चा करेंगे।
भाषा दिमो राजकुमार
राजकुमार