इंदौर, 10 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी ने ब्राउन शुगर बरामदगी के एक मामले में पुलिस की पूछताछ के अगले दिन शुक्रवार को कहा कि वह तीन-चार साल पहले मादक पदार्थों का सेवन करते थे, लेकिन मौजूदा प्रकरण से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में बृहस्पतिवार को करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर की बरामदगी के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नाना पटवारी उर्फ कुलभूषण पटवारी से दिन भर पूछताछ की थी और देर रात उन्हें छोड़ दिया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे ब्राउन शुगर की इस खेप को नाना पटवारी और मानव गंगवानी नामक व्यक्तियों को देने जा रहे थे।
पुलिस ने यह भी कहा था कि नाना पटवारी पर शहर के विजय नगर थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत पुराना मामला दर्ज है और वह पहले मादक पदार्थ का खुद भी सेवन करते थे।
नाना पटवारी ने संवाददाताओं से कहा कि ब्राउन शुगर की बरामदगी के वर्तमान मामले से उनका कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘मैं तीन-चार साल पहले (मादक पदार्थ) ले रहा था। मुझसे गलती हो गई थी। पिछले दो-तीन साल से मैंने कभी इन चीजों को हाथ नहीं लगाया। फिलहाल मैं शराब तक नहीं पीता हूं।’’
हालांकि, नाना पटवारी ने स्पष्ट नहीं किया कि वह पहले किस तरह के मादक पदार्थ का सेवन करते थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है।
नाना पटवारी ने कहा, ‘‘मेरी गलती बस इतनी है कि मैं जीतू पटवारी का छोटा भाई हूं।’’ उन्होंने जब यह बात कही, तब उनके बड़े भाई और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी उनके पास ही बैठे थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जनता की आवाज उठाने पर राजनीतिक बदले की भावना के तहत उनके और उनके परिवार के खिलाफ सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मध्यप्रदेश मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शह पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के छोटे भाई को ब्राउन शुगर के झूठे मामले में साजिश के तहत फंसाने की कोशिश की गई।
नाना पटवारी के कुछ साल पहले मादक पदार्थों के सेवन की बात स्वीकार करने पर चौधरी ने कहा कि उन्हें उनके इस बयान की जानकारी नहीं है और संदर्भ को पूरी तरह समझने के बाद ही वह कोई टिप्पणी कर सकेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, इंदौर की राजेंद्र नगर पुलिस ने इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई को बृहस्पतिवार को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर और एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) बरामद किया था।
अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
भाषा हर्ष नरेश मनीषा
मनीषा