मध्यप्रदेश में घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, आपूर्ति निर्बाध जारी रहेगी: मुख्यमंत्री मोहन यादव

Ads

मध्यप्रदेश में घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, आपूर्ति निर्बाध जारी रहेगी: मुख्यमंत्री मोहन यादव

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 11:29 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 11:29 PM IST

भोपाल, 12 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में संघर्ष कारण गैस आपूर्ति को लेकर उठी चिंताओं के बीच कही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है और इसकी निर्बाध आपूर्ति जारी रहेगी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य पूरी तरह सजग हैं तथा नागरिकों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर कालाबाजारी रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नागरिकों को रसोई गैस संबंधी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। प्रदेश में घरेलू एलपीजी के साथ-साथ पीएनजी और सीएनजी की भी कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।’’

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक गतिविधियों के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति के पारंपरिक मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य के अलावा अन्य स्रोतों से भी आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘देश की रिफाइनरी उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं के माध्यम से खरीद प्रक्रिया जारी है।’’

उन्होंने कहा कि घरेलू पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति बिना कटौती के हो रही है और रिफाइनरी को एलपीजी उत्पादन अधिकतम करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप एलपीजी उत्पादन में लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

यादव ने दावा किया, ‘‘एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह भी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले भारतीय ध्वज लगे जहाजों और टैंकरों को नहीं रोका जाएगा।’’

मुख्यमंत्री ने इसे एक राजनयिक सफलता बताते हुए कहा कि इससे पेट्रोलियम आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बृहस्पतिवार को ऑनलाइन के माध्यम से संभागायुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ पश्चिम और मध्य एशिया में युद्ध के कारण उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर एलपीजी सहित अन्य ईंधनों की उपलब्धता की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।

जैन ने अधिकारियों से नागरिकों के बीच सकारात्मक माहौल बनाए रखने, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक सुनिश्चित करने को भी कहा।

भाषा ब्रजेन्द्र खारी

खारी