भोपाल के पास सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत, एक घायल

Ads

भोपाल के पास सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत, एक घायल

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 04:14 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 04:14 PM IST

भोपाल, 25 मार्च (भाषा) भोपाल से लगभग 20 किलोमीटर दूर बैरसिया रोड पर निपनिया जाट के पास मंगलवार देर रात जीप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 11 बजे उस समय हुआ जब जीप तेज गति से भोपाल से बैरसिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से अनाज से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी, जिससे दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई।

इटखेड़ी की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मंजू चौहान ने बताया कि जीप सवार तीन लोग इस हादसे में मारे गए।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कछीवरखेड़ा, गूनगा थाना क्षेत्र निवासी हर्ष मेहरा (23) और सतीश मेहरा (22) तथा सागौनी निवासी लकी कुशवाहा के रूप में की गई है।

उन्होंने बताया कि कछीवरखेड़ा निवासी गब्बर सेन (23) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा दिमो शोभना

शोभना