मप्र के अलीराजपुर में सड़क हादसे में तीन नाबालिगों की मौत

Ads

मप्र के अलीराजपुर में सड़क हादसे में तीन नाबालिगों की मौत

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 08:27 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 08:27 PM IST

अलीराजपुर, 19 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन नाबालिगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह हादसा जिले के ग्राम बोरी में देर रात उस समय हुआ जब तीनों किशोर एक शादी समारोह से लौट रहे थे।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) रवींद्र राठी ने बताया कि बाइक सवार किशोर अपने घर से करीब 100 मीटर पहले ही अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए।

उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा देर रात करीब दो बजे का बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान रोशन (17), अनिल (14) और सावन (15) के रूप में हुई है। इनमें से दो नाबालिग बोरी थाना क्षेत्र के निवासी थे, जबकि एक धार जिले के बाग थाना क्षेत्र का रहने वाला था।

एसडीओपी ने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

भाषा

सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत