मप्र के रायसेन में बाघिन की मौत, खेत के बाडे़ में करंट प्रवाहित किए जाने की आशंका
मप्र के रायसेन में बाघिन की मौत, खेत के बाडे़ में करंट प्रवाहित किए जाने की आशंका
रायसेन (मध्यप्रदेश), 29 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार शाम खेत के चारों ओर लगाए गए बाडे़ में कथित तौर पर प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक बाघिन की मौत हो गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, यह हादसा जिला मुख्यालय से 90 किमी दूर ओबेदुल्लागंज तहसील में दाहोद वन क्षेत्र के कागवान में हुआ।
प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) हेमंत रैकवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार शाम कागवान में एक किसान के खेत में करीब 6 -7 वर्ष की एक व्यस्क बाघिन का शव मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में खेत के चारों ओर लगाए गए बाडे़ में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से बाघिन की मौत होने की आशंका है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।
रैकवार ने कहा कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे है और इसके मद्देनजर फिलहाल क्षेत्र को सील कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।
उन्होंने कहा कि भोपाल से आए वन विभाग के अधिकारियों के एक दल की मौजूदगी में बाघिन के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे ठिकाने लगा दिया गया।
मप्र सं ब्रजेन्द्र मनीषा
मनीषा

Facebook


