भोपाल, 16 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को कहा कि डिजिटल और तकनीकी परिवर्तनों से उत्पन्न नई चुनौतियों के बीच तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और सार्वजनिक सरोकार पत्रकारिता का मूलभूत आधार होना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘पत्रकारिता लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है और समाज की आवाज को सरकार और व्यवस्था में प्रतिबिंबित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।’’
तोमर ने ‘सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब’ द्वारा आयोजित ‘नेशनल मीडिया संवाद एंड लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2026’ समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘डिजिटल और तकनीकी परिवर्तन के इस युग में, मीडिया को नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और सार्वजनिक सरोकार इस पेशे की मूलभूत नींव रहनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि एक पत्रकार की कलम में जिम्मेदारी, विश्वसनीयता और समाज का सकारात्मक मार्गदर्शन करने की शक्ति होनी चाहिए।
तोमर, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने सम्मानित किए गए सभी वरिष्ठ पत्रकारों और पूर्व जनसंपर्क आयुक्तों को बधाई देते हुए उनके विशाल अनुभव को समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।
कार्यक्रम में देश और मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों, मीडिया प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। इनमें से कुछ वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकारों को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पत्रकारों और जनसंपर्क के क्षेत्र में काम करने वालों के योगदान का सम्मान करने के लिए किया गया था ताकि नई पीढ़ी को उनके अनुभव, मूल्यों और कार्य नीति से प्रेरित किया जा सके।
भाषा ब्रजेन्द्र गोला
गोला