भोपाल, 29 जुलाई (भाषा) मॉडल से अभिनेत्री बनीं त्विषा शर्मा की मौत के मामले में भोपाल की एक अदालत ने मामले की जांच अंतिम चरण में होने के कारण केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की गई अतिरिक्त समय की मांग को स्वीकार करते हुए मंगलवार को दोनों आरोपियों – त्विषा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ा दी।
गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह भोपाल जिला एवं सत्र न्यायालय में ऑनलाइन माध्यम से पेश हुए।
त्विषा के परिजनों के अधिवक्ता अंकुर पांडेय ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि न्यायमूर्ति राम प्रताप मिश्रा की विशेष अदालत ने सीबीआई को 11 अगस्त तक अपनी अंतिम रिपोर्ट पेश करने का निर्देश जारी किया है।
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने विशेष अदालत को बताया कि मामले की जांच अंतिम चरण में है और शेष औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘इसी आधार पर सीबीआई ने दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ाने का अनुरोध किया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। अब इस मामले में अगली सुनवाई 11 अगस्त को होगी।’’
पांडेय ने बताया कि सीबीआई 11 अगस्त को अदालत में आरोपपत्र दाखिल करेगी।
इससे पहले, 25 जुलाई को विशेष अदालत ने गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं।
त्विषा 12 मई को यहां अपने ससुराल स्थित घर में कथित तौर पर फंदे से लटकी मिली थीं। इसके बाद गिरिबाला सिंह और उनके पुत्र समर्थ सिंह को दहेज के लिए प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम में कथित खामियों का आरोप लगाते हुए त्विषा के परिजनों ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का रुख किया था। उच्च न्यायालय ने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया था। बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई, तभी से गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह न्यायिक हिरासत में हैं।
भाषा ब्रजेन्द्र सिम्मी वैभव
वैभव