भोपाल, 16 जून (भाषा) भोपाल की एक अदालत ने पूर्व मॉडल त्विषा शर्मा दहेज हत्या मामले में आरोपी सास एवं पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को मंगलवार को 14 और दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
त्विषा के परिजनों के वकील अंकुर पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति शोभना भलावे की अदालत में हुई, जिसमें दोनों आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पेश हुए।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरिबाला और समर्थ की न्यायिक हिरासत 30 जून तक बढ़ाए जाने की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। दोनों आरोपी फिलहाल भोपाल केंद्रीय कारागार में बंद हैं।
त्विषा का शव 12 मई को भोपाल स्थित उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। सीबीआई ने मामले की जांच हाथ में लेने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया था।
गत दो जून को अदालत ने सीबीआई की हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जो 16 जून को पूरी हो गई।
भाषा ब्रजेन्द्र मनीषा शफीक
शफीक