उज्जैन : Ujjain Navratri Obsence Dance मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना जनपद अंतर्गत सामानेरा गांव में स्थित सुप्रसिद्ध ब्रह्माणी माता मंदिर परिसर में आयोजित ‘कालिसिंध महोत्सव’ विवादों में घिर गया है। 19 मार्च से 28 मार्च तक चलने वाले इस 10 दिवसीय मेले के अंतिम दिन शुक्रवार को मंच पर अश्लील डांस का आयोजन किया गया, जिसका वीडियो रविवार दोपहर को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पूरे मामले में पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठी चार्ज भी करना पड़ा वहीं पुलिस को इस मामले में किसी भी प्रकार की लिखित शिकयत नहीं मिली है।
अश्लील डांस के बाद बिगड़ा माहौल
जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पुरानी यानी शुक्रवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो रविवार दोपहर को वायरल हुआ। Samanera Mela Controversy उज्जैन से करीब 45 किलोमीटर दूर माकड़ोन थाना क्षेत्र के सामानेरा गांव में हर वर्ष नवरात्री के दौरान ब्रह्माणी माता मंदिर पर 10 दिवसीय मेला आयोजित किया जाता है। बताया जा रहा है कि 19 मार्च से 28 मार्च तक चले इस मेले में मंदिर के पीछे मंच पर धार्मिक कार्यक्रमों के तहत कथा का आयोजन किया जा रहा था। लेकिन अंतिम दिन शुक्रवार को मंच पर अश्लील डांस का आयोजन कर दिया गया, जिससे माहौल बिगड़ गया।
पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
अश्लील डांस के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और इसी बीच कुछ लोग हुड़दंग करने लगे। भीड़ बढ़ने और स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पहले लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब लोग नहीं माने तो हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित किया गया। इस दौरान कुछ लोगों को पुलिस द्वारा बल प्रयोग का सामना भी करना पड़ा। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं देखा जाए तो माकड़ोन पुलिस द्वारा उक्त मामले में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस का कहना है कि उनके पास लिखित या मौखिक रूप से कोई शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।