पश्चिम एशिया संघर्ष : यूएई में फंसे इंदौर के दो पूर्व विधायक स्वदेश लौटे

Ads

पश्चिम एशिया संघर्ष : यूएई में फंसे इंदौर के दो पूर्व विधायक स्वदेश लौटे

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 09:12 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 09:12 PM IST

इंदौर, तीन मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में पिछले दो दिन से फंसे इंदौर के दो पूर्व विधायक मंगलवार को सुरक्षित स्वदेश लौट आए।

इंदौर पहुंचने पर उनके समर्थकों ने स्थानीय देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर उनका मालवी पगड़ी पहनाकर और केक काटकर स्वागत किया।

हवाई अड्डे पर इंदौर-1 क्षेत्र के पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा, “उड़ानें बाधित होने के कारण हम दुबई में फंस गए थे। दुबई प्रशासन ने वहां फंसे सभी लोगों के लिए ठहरने और खाने की समुचित व्यवस्था की है।’

देपालपुर के पूर्व विधायक विशाल पटेल ने कहा,’दुबई में धमाकों की आवाजों से भय का माहौल था। इंदौर लौटकर काफी सुकून महसूस हो रहा है। ऐसा लग रहा है कि हम कोई बड़ी जंग जीत कर आ रहे हैं।”

दोनों पूर्व विधायकों ने स्वदेश वापसी में करने मदद के लिए भारत सरकार का आभार जताया। उनके साथ स्थानीय कारोबारियों का एक दल भी यूएई से स्वदेश लौटा।

परिजनों ने बताया कि कारोबारी वजहों से दुबई गए इन लोगों को रविवार को इंदौर लौटना था, लेकिन उड़ानें रद्द होने से वे दुबई में फंस गए।

भाषा

हर्ष रवि कांत