मप्र के बांधवगढ़ अभयारण्य क्षेत्र में बाघ के हमले में महिला की मौत, चार घायल

मप्र के बांधवगढ़ अभयारण्य क्षेत्र में बाघ के हमले में महिला की मौत, चार घायल

मप्र के बांधवगढ़ अभयारण्य क्षेत्र में बाघ के हमले में महिला की मौत, चार घायल
Modified Date: May 24, 2026 / 10:31 am IST
Published Date: May 24, 2026 10:31 am IST

उमरिया (मध्यप्रदेश), 24 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के उमरिया जिला स्थित विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य क्षेत्र में एक बाघ ने रविवार अलसुबह ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे एक महिला की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना अभयारण्य के पनपथा रेंज अंतर्गत पनपथा गांव में तड़के करीब 3 बजे हुई।

बाघ के इस हमले में मारी गई महिला की पहचान पहलू पाल की पत्नी फूल बाई पाल (40) के रूप में हुई है।

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वनविभाग के कुछ कर्मचारियों के साथ कथित रूप से मारपीट भी की।

बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में यह पुष्टि की कि ग्रामीणों ने वन कर्मचारियों को घेर लिया है और कुछ के साथ मारपीट भी की गई। उन्होंने कहा कि वह थोड़ी देर में घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही विस्तृत जानकारी दे सकेंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि खेरवा टोला इलाके में हुए बाघ के इस हमले में दशइया पाल सहित चार अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद वन विभाग के कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे निवासियों में गुस्सा है।

बाद में वन टीमों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पनपठा रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव के साथ कथित तौर पर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि बाघ के बार-बार होने वाले हमलों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने एक महिला रेंजर अंजू वर्मा के साथ कथित तौर पर हाथापाई की और उन्हें कथित तौर पर बंधक बना लिया।

कांग्रेस नेता और जनपद पंचायत सदस्य रोशनी सिंह धुर्वे गांव पहुंचीं और ग्रामीणों को शांत करने और वन अधिकारियों को सुरक्षित रिहा कराने की कोशिश की।

पनपथ वन के उपमंडल अधिकारी भूरा गायकवाड़ ने संवाददाताओं से कहा कि अधिकारी वर्तमान में ‘कानून-व्यवस्था की स्थिति’ से निपट रहे हैं, इसलिए विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

ग्रामीणों ने दावा किया कि जब पुलिस और वन अधिकारी मौके पर पहुंचे तो बाघ उस वक्त भी उस घर के पास था, जहां महिला की मौत हुई थी।

भाषा सं ब्रजेन्द्र अमित

अमित


लेखक के बारे में