महाराष्ट्र में विजय सिंघल और अश्विनी जोशी सहित 12 आईएएस अधिकारियों के तबादले
महाराष्ट्र में विजय सिंघल और अश्विनी जोशी सहित 12 आईएएस अधिकारियों के तबादले
मुंबई, 16 जून (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी विजय सिंघल और अश्विनी जोशी सहित 12 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए।
इसके तहत धारावी पुनर्विकास परियोजना, सिडको, एमएमआरडीए, एमआईडीसी और बीएमसी जैसी प्रमुख एजेंसियों में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गईं।
सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) द्वारा जारी तबादला आदेश के अनुसार, नगर विकास, उद्योग, स्वास्थ्य, वन और जिला प्रशासन विभागों के अधिकारियों को नयी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
महाराष्ट्र शहर और औद्योगिक विकास निगम (सिडको) के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) के रूप में कार्यरत विजय सिंघल को मुंबई में धारावी पुनर्विकास परियोजना का विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया है। यह राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी शहरी नवीनीकरण परियोजना है।
प्राजक्ता वर्मा को बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) का अतिरिक्त नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद पर तैनात पी वेलरासु को राजस्व एवं वन विभाग में सचिव (वन) के पद पर भेजा गया है।
इसके साथ ही सरकार ने आईएएस अधिकारी अश्विनी जोशी, दीपेंद्र सिंह कुशवाहा, अश्विन मुद्गल, कादंबरी बलकवड़े और संजय काटकर का भी तबादला कर उन्हें क्रमशः एमएमआरडीए, एमआईडीसी, सिडको, उद्योग निदेशालय और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) जैसी प्रमुख एजेंसियों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
इसके साथ ही सरकार ने जेनिथ चंद्रा दोंथुला और अनय नावंदर को क्रमशः गोंदिया और अकोला जिला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है, जबकि बी सरवनन और लघिमा तिवारी को क्रमशः किनवट (नांदेड़) और तलोदा (नंदुरबार) में एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना (आईटीडीपी) का परियोजना अधिकारी बनाया गया है।
भाषा सुमित शफीक
शफीक

Facebook


