ठाणे, 30 अपैल (भाषा) ठाणे जिले में एक सप्ताह तक चले विशेष मादक पदार्थ रोधी अभियान में दो विदेशी नागरिक सहित कुल 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा लगभग 1.4 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किये गये। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मादक पदार्थ गिरोह और उपयोगकर्ताओं के खिलाफ की गयी कार्रवाई में ठाणे जिले के मीरा-भयंदर, वसई-विरार (एमबीवीवी) पुलिस आयुक्त कार्यालय (जोन-1) क्षेत्र शामिल थे।
संवाददाताओं से बात करते हुए एमबीवीवी जोन-1 के पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण ने बताया कि मादक पदार्थों की बिक्री और उपयोग को रोकने के लिए 20 अप्रैल से 26 अप्रैल तक यह अभियान चलाया गया।
चव्हाण ने कहा, ‘‘जोन-1 में चलाए गए विशेष मादक पदार्थ-रोधी अभियान में सभी थानों तथा अपराध शाखा इकाइयों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और मादक पदार्थ तस्करों, उपयोगकर्ताओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।’’
उन्होंने बताया कि मादक पदार्थ के साथ पकड़े गए व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल दस मामले दर्ज किये गए।
चव्हाण ने कहा, ‘कार्रवाई के दौरान कुल 1,10,67,500 रुपये की मादक पदार्थ जब्त किये गए, जिसमें 374 ग्राम ‘एमडी’ (मेफेड्रोन), 370 ग्राम गांजा, 96.29 ग्राम कोकीन, 8 ग्राम ब्राउन शुगर और 3,200 मिलीलीटर कोडीन आधारित सिरप शामिल है।
उन्होंने बताया कि 92 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों के सेवन के कुल 12 मामले दर्ज किये गये तथा 53 कुख्यात अपराधियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई भी शुरू की गई है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मादक पदार्थ रोधी इकाई और अपराध शाखा ने भी आठ संज्ञेय आपराधिक मामले दर्ज किये तथा 29,18,718 रुपये मूल्य की प्रतिबंधित सामग्री जब्त की।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान के दौरान दो विदेशी नागरिक सहित कुल 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा लगभग 1.4 करोड़ रुपये के अवैध मादक पदार्थ जब्त किये गये।
चव्हाण ने कहा, ‘‘हम इस प्रकार की विशेष मुहिम को और कड़ाई से जारी रखेंगे और मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, भंडारण और इसके उपभोग में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।’’
भाषा Intern संतोष
संतोष