मुंबई में कोस्टल रोड पर सुरंग में एक कार में आग लगी, कोई हताहत नहीं

मुंबई में कोस्टल रोड पर सुरंग में एक कार में आग लगी, कोई हताहत नहीं

मुंबई में कोस्टल रोड पर सुरंग में एक कार में आग लगी, कोई हताहत नहीं
Modified Date: July 15, 2026 / 04:30 pm IST
Published Date: July 15, 2026 4:30 pm IST

मुंबई, 15 जुलाई (भाषा) मुंबई में ‘कोस्टल रोड’ की सुरंग के अंदर बुधवार दोपहर एक कार में आग लग गई जिससे वहां वाहन चालकों में घबराहट फैल गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि आग बुझाने में करीब 20 मिनट लगे और इस बीच अन्य गाड़ी वाले दहशत में आ गए। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

अधिकारियों का कहना है कि जलती हुई कार के पीछे कई गाड़ियां फंस गईं, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी मच गई।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका के एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह घटना दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर हाजी अली से वर्ली की ओर जाने वाली ‘साउथबाउंड टनल’ में हुई।

उन्होंने कहा कि चलती कार में आग लग गई, जिसके बाद अग्निशमन दल और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा 108 एम्बुलेंस सेवा को भी भेजा गया।

उन्होंने कहा कि आग बुझाने में करीब बीस मिनट का समय लगा।

उन्होंने कहा कि आग की वजह का तत्काल पता नहीं चल पाया है। आग बुझ जाने के बाद सुरंग में गाड़ियों की आवाजाही बहाल हो गयी।

एक चश्मदीद ने इस घटना को एक सबसे भयावह अनुभव बताया है।

‘फेडरेशन ऑफ़ रिटेल ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन’ के अध्यक्ष वीरेन शाह ने कहा, ‘‘कुछ ही सेकंड में यातायात थम गया और लोग अपनी कारें छोड़कर भागने लगे। चारों तरफ चीख-पुकार, घबराहट और अफरातफरी का माहौल था। ऐसा लग रहा था मानो हॉलीवुड की किसी विध्वंसकारी फिल्म का दृश्य हो।’’

जब आग लगी तब शाह भी उसी सुरंग के अंदर अपनी गाड़ी चला रहे थे।

शाह ने कहा कि उस समय सुरंग के अंदर पूरी तरह अफरातफरी मची गयी थी, वह एक गाड़ी वाले से लिफ़्ट लेकर वर्ली तक पहुंचे और फिर दक्षिण मुंबई जाने के लिए टैक्सी ली।

शाह ने महाराष्ट्र सरकार से सुरंग के अंदर आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने की अपील की, जिसमें निकासी संबंधी संकेतों में सुधार, जन जागरूकता और सुरक्षा प्रोटोकॉल को लागू करना शामिल है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने वाहन चालकों के लिए आपात स्थिति में प्रतिक्रिया देने के तरीके जानने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

भाषा

राजकुमार मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में