लातूर में दिव्यांग किसान से मारपीट के आरोप में सरपंच समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

लातूर में दिव्यांग किसान से मारपीट के आरोप में सरपंच समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

लातूर में दिव्यांग किसान से मारपीट के आरोप में सरपंच समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: June 24, 2026 / 04:48 pm IST
Published Date: June 24, 2026 4:48 pm IST

लातूर, 24 जून (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में विवाद के दौरान एक दिव्यांग किसान के साथ मारपीट करने और उसे अपमानित करने के आरोप में एक सरपंच तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

किसान के अनुसार, यह घटना 19 जून को खड़गांव गांव में हुई थी।

खुद को 85 प्रतिशत दिव्यांग बताने वाले 39 वर्षीय किसान ने गांव के नक्शे में दर्ज सरकारी सड़क खड़गांव-हरंगुल पांदन रोड पर कथित अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर तहसीलदार के पास शिकायत की थी।

प्राथमिकी के अनुसार, जब राजस्व अधिकारी मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे, तब किसान ने उन्हें संबंधित सर्वे नंबर दिखाए और सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार सड़क को खोलने का अनुरोध किया। इसी दौरान सरपंच और गांव के एक अन्य व्यक्ति ने कथित तौर पर किसान के साथ गाली-गलौज की, उसकी दिव्यांगता को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं, उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी।

किसान ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे शिकायत पर कार्रवाई के लिए दबाव न डालने की चेतावनी दी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

अधिकारियों ने बताया कि किसान की शिकायत के आधार पर एमआईडीसी पुलिस ने मंगलवार को सरपंच और गांव के एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की मारपीट, जानबूझकर अपमान करने और आपराधिक धमकी देने से संबंधित धाराओं तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

इस बीच, किसान ने मंगलवार को लातूर के तहसीलदार से मुलाकात कर सड़क पर हुए कथित अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग की। उसका कहना है कि पिछले नौ वर्षों में कई बार शिकायत और अनुरोध करने के बावजूद अधिकारी सरकारी नक्शों के अनुसार सड़क को पूरी तरह बहाल करने में विफल रहे हैं।

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में