पालघर, दो अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के लोक निर्माण विभाग के मंत्री शिवेंद्रसिंह भोंसले ने अधिकारियों को पालघर जिले भर में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्री ने विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शनिवार को प्रमुख मार्गों की स्थिति सहित सड़क नेटवर्क का निरीक्षण किया।
मैदानी दौरों के बाद, उन्होंने एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें बारिश से हुए नुकसान, किए जा रहे सड़क निर्माण के कार्य की प्रगति, लंबित कार्यों और तत्काल मरम्मत की रणनीतियों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
मंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार पालघर जिले में सड़कों के बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।’’
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण के उच्च मानकों को बनाए रखने, काम पूरा करने की समयसीमा का पालन करने और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश जारी किए।
भाषा खारी रंजन
रंजन