ठाणे में मादक पदार्थ मामले में आरोपी गिरफ्तार

Ads

ठाणे में मादक पदार्थ मामले में आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 14, 2025 / 11:52 AM IST,
    Updated On - September 14, 2025 / 11:52 AM IST

ठाणे, 12 सितंबर (भाषा) ठाणे में पुलिस ने एक मादक पदार्थ मामले के आरोपी को गिरफ्तार किया है जो तीन साल से एक फर्जी पहचान पत्र के साथ रह रहा था और पकड़े जाने से बचने के लिए अपना ठिकाना बार-बार बदल रहा था। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल राख ने बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके के गीता नगर निवासी सलमान अनवर शेख (26) 10 जुलाई, 2022 को यहां दर्ज मादक पदार्थ मामले में आरोपी था और तब से फरार था।

उन्होंने कहा, ‘जब मामला निचली अदालत में लगभग अंतिम चरण में था, तब शेख लापता हो गया और गिरफ्तारी से बचने लगा। वह मीरा रोड, भयंदर (ठाणे में) और वसई (पड़ोसी पालघर जिले में) के बीच घूमता रहा, अपनी पहचान छिपाता रहा और पकड़े जाने से बचने के लिए छोटे-मोटे काम करता रहा।’

अधिकारी ने बताया कि वह अपना मोबाइल नंबर बार-बार बदलता रहता था।

पुलिस को शेख के किसी कंपनी के प्रतिनिधि के तौर पर काम करने के बारे में सूचना मिली थी। पुलिस निरीक्षक ने बताया, ‘‘जानकारी के आधार पर हमारी टीम ने दो महीने तक गुप्त जांच शुरू की और उसके संभावित ठिकानों और गतिविधियों पर नजर रखी। आखिरकार, हमने 12 सितंबर को भयंदर के केबिन रोड पर उसे रोककर गिरफ्तार कर लिया।’

शेख पुलिस से बचने के लिए छिपे रहा था लेकिन अदालत में उसके एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही जारी रही।

अदालत ने गत 11 सितंबर को मामले में तीन सह-आरोपियों को दोषी ठहराया। पुलिस ने बताया कि दो व्यक्तियों को पांच-पांच साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई गई जबकि उन पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं अदालत ने तीसरे व्यक्ति को 10 साल की कठोर कारावास की सजा सुनायी और उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

भाषा तान्या अमित

अमित

अमित

अमित