(फाइल फोटो के साथ)
मुंबई, 13 फरवरी (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि चंद्रपुर में महापौर चुनाव में प्रतिद्वंद्वी भाजपा का समर्थन करने वाले स्थानीय नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राउत ने यहां पत्रकारों से कहा कि चंद्रपुर में जो कुछ भी हुआ, वह पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे का रुख नहीं है।
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि पार्टी में किसी ने भी चंद्रपुर के स्थानीय नेताओं द्वारा उठाए गए कदम का समर्थन नहीं किया है।
राउत ने कहा, ‘‘बस देखते जाइए।’’
जब राउत से पूछा गया कि क्या पार्टी इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई करेगी, तो उन्होंने कहा, ‘‘कार्रवाई जरूर होगी। जिन्होंने भी यह बेतुका काम किया है, उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।’’
राउत ने कहा, ‘‘अगर स्थानीय नेताओं ने पार्टी को अंधेरे में रखकर अपने स्वार्थ के लिए काम किया है, तो मुझे पूरा विश्वास है कि शिवसेना (उबाठा) इस मामले पर कड़ा रुख अपनाएगी।’’
गुटबाजी से जूझ रही कांग्रेस को मंगलवार को उस समय बड़ी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी जब प्रतिद्वंद्वी शिवसेना (उबाठा) और भाजपा के बीच अप्रत्याशित गठबंधन के चलते चंद्रपुर में भाजपा की उम्मीदवार महापौर चुनी गईं।
भाजपा की संगीता खांडेकर ने कांग्रेस उम्मीदवार वैशाली महादुले को एक वोट से हराकर चुनाव जीता। शिवसेना (उबाठा) के पार्षद प्रशांत दानव उप महापौर चुने गए।
इस घटनाक्रम से राकांपा (एसपी), कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) के गठबंधन महा विकास आघाडी की एकता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो गये हैं।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप