बिहार: औद्योगिक क्षेत्र के लिए 13 हजार एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू

Ads

बिहार: औद्योगिक क्षेत्र के लिए 13 हजार एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 10:34 PM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 10:34 PM IST

पटना, 13 फरवरी (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए 20 जिलों में 13 हजार एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सिन्हा ने वर्ष 2026-27 के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के 2,190.15 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट पर चर्चा का समापन करते हुए कहा, “सरकार लगभग सभी जिलों में क्षेत्र की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक क्षेत्र (अधिसूचित औद्योगिक पार्क) खोलने की तैयारी कर रही है। इसके लिए विभाग ने 20 जिलों में 13 हजार एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।”

सिन्हा के पास राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का प्रभार भी है।

सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष के सभी सदस्यों के सदन से बहिर्गमन करने के बीच विभाग का बजट ध्वनिमत से पारित हो गया।

मंत्री ने कहा, “सरकार औद्योगिक जोन के लिए सभी जिलों में ‘लैंड बैंक’ बनाने की प्रक्रिया में है।”

सिन्हा ने यह भी कहा, “इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सरकारी भूमि सहित किसी भी जमीन पर माफिया या फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा न होने दें। अगर ऐसी गतिविधियों में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत पाई जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र