मुंबई, 20 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने रविवार को गणपति मंडलों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और भीड़ प्रबंधन के प्रति सतर्क तथा जिम्मेदार रवैया अपनाने का अनुरोध किया।
केईएम अस्पताल का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से मुखातिब शेलार ने बताया कि उन्होंने कालाचौकी महागणपति उत्सव मंडल के बाहर करंट लगने से जान गंवाने वाली आठ साल की रागिनी घनश्याम यादव के पिता और 33 साल की सुजाता के पति से मुलाकात की।
मंडल के गणेश पंडाल के पास पेयजल के एक अस्थायी स्टॉल पर कथित तौर पर बिजली का झटका लगने से रागिनी और सुजाता की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना शनिवार देर रात 2:20 बजे हुई, जब उस इलाके में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी।
शेलार ने कहा, “गणेशोत्सव आस्था, उत्साह और सामाजिक सौहार्द का त्योहार है। हालांकि, उत्सव के दौरान आम लोगों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहनी चाहिए। प्रत्येक गणेश मंडल को अपने क्षेत्र में सुरक्षा नियमों के साथ-साथ प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए।”
भाषा जोहेब पारुल
पारुल