गोरखपुर में नाले में मिला डेढ़ वर्षीय बच्ची का शव

Ads

गोरखपुर में नाले में मिला डेढ़ वर्षीय बच्ची का शव

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 07:47 PM IST

गोरखपुर (उप्र), 20 सितंबर (भाषा) गोरखपुर शहर के गोरखनाथ इलाके में पुलिस ने एक नाले से डेढ़ वर्षीय बच्ची का शव बरामद किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बच्ची की पहचान केमिकल चौराहा इलाके के निवासी राम लखन की बेटी मीना के रूप में हुई है जो शनिवार शाम घर के पास खेलते समय लापता हो गई थी।

उसने बताया कि काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि बच्ची की तलाश में पुलिस की चार टीम गठित की गईं, लेकिन काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

उसने बताया कि पुलिस ने आसपास के नालों की जांच शुरू की और नगर निगम से मदद मांगी। इसके बाद तलाश अभियान के दौरान शनिवार देर रात परिवार की झोपड़ी के नीचे बह रहे नाले में बच्ची का शव मिला।

परिवार के लोगों का आरोप है कि नाले के स्लैब के बीच खाली जगह होने के कारण यह हादसा हुआ।

परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले नाले की साफ-सफाई की गई थी और बाद में उसे ढकने के लिए स्लैब को नहीं लगाया गया, जिससे एक जगह खुली रह गई। आशंका है कि बच्ची यहीं से नाले में गिर गई।

गोरखनाथ के पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि सिंह ने बताया कि बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

भाषा सं. सलीम खारी

खारी