बारामती विमान दुर्घटना से संबंधित सभी रिपोर्ट एक साझा मंच पर सार्वजनिक की जाएं : मंत्री

बारामती विमान दुर्घटना से संबंधित सभी रिपोर्ट एक साझा मंच पर सार्वजनिक की जाएं : मंत्री

बारामती विमान दुर्घटना से संबंधित सभी रिपोर्ट एक साझा मंच पर सार्वजनिक की जाएं : मंत्री
Modified Date: February 28, 2026 / 08:27 pm IST
Published Date: February 28, 2026 8:27 pm IST

मुंबई, 28 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र की मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की नेता अदिति तटकरे ने शनिवार को मांग की कि विमान दुर्घटना से संबंधित सभी रिपोर्ट और निष्कर्षों को संकलित कर किसी साझा मंच पर उपलब्ध कराए जाए, ताकि आम लोग इसे देख सकें।

इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी।

वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने पुणे जिले के बारामती में ठीक एक महीने पहले हुए उस विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट शनिवार को जारी की, जिसमें पवार और चार अन्य लोगों की जान चली गई थी। जांच एजेंसी ने 22 पन्नों की अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा कि विमान हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी, ताकि तथ्यों, मूल कारणों और इससे जुड़े कारकों का पता लगाया जा सके।

तटकरे ने पत्रकारों से कहा, ‘‘चूंकि विमान दुर्घटना की जांच में कई एजेंसी ​​शामिल हैं, इसलिए बेहतर होगा कि सभी रिपोर्ट और निष्कर्षों को एक ही स्थान पर या एक ही मंच पर साझा किया जाए, ताकि आम लोग उन्हें समझ सकें।’’

उन्होंने बताया कि विधायक इस मुद्दे को उठाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करेंगे।

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक रिपोर्ट केवल एक प्राथमिक आकलन थी और उन्होंने विस्तृत रिपोर्ट के लिए समय-सीमा को लेकर स्पष्टता दिए जाने की मांग की।

तटकरे ने कहा कि प्राथमिक रिपोर्ट की सामग्री तक उनकी पहुंच नहीं है और उन्होंने सवाल किया कि लोगों को अंतिम निष्कर्षों के लिए कितना लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

उन्होंने 28 जनवरी को हुए विमान हादसे को सार्वजनिक महत्व का एक गंभीर मामला बताते हुए कहा कि पवार कोई साधारण व्यक्ति नहीं थे और ऐसे व्यक्ति से जुड़े हादसे की गहन एवं सावधानीपूर्वक जांच होनी चाहिए।

भाषा सिम्मी दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में