‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ पर की गई टिप्पणी को लेकर मचे विवाद के बीच फडणवीस ने मंत्री महाजन का बचाव किया

‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ पर की गई टिप्पणी को लेकर मचे विवाद के बीच फडणवीस ने मंत्री महाजन का बचाव किया

‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ पर की गई टिप्पणी को लेकर मचे विवाद के बीच फडणवीस ने मंत्री महाजन का बचाव किया
Modified Date: June 10, 2026 / 06:05 pm IST
Published Date: June 10, 2026 6:05 pm IST

मुंबई, 10 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को राज्य के मंत्री गिरीश महाजन के उस बयान का बचाव किया, जिसमें मंत्री ने ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को ‘काला दिन’ कहा था।

फडणवीस ने कहा कि महाजन के बयान को ‘कांग्रेस के नेतृत्व वाले’ 1984 के सिख-विरोधी दंगों के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

महाजन ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को “काला दिन” बताकर और 1984 की सेना की कार्रवाई की तुलना अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली के हमले से करके राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद विपक्षी दलों ने उन्हें पद से हटाने की मांग की।

विपक्ष ने महाजन पर उग्रवादियों का “महिमामंडन” करने और सशस्त्र बलों का अपमान करने का आरोप लगाया।

फडणवीस ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, “कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में दिल्ली, पंजाब और पूरे भारत में सिखों का नरसंहार एक ऐतिहासिक तथ्य है। कोई भी इस सच्चाई को नहीं भूल सकता।”

महाजन के भाषण की आलोचना का उल्लेख करते हुए फडणवीस ने कहा, “अगर आप महाजन का पूरा बयान देखें, तो ऐसा सवाल ही नहीं उठेगा। गिरीश महाजन पहले ही स्पष्टीकरण दे चुके हैं।”

महाजन किसी भी राज्य सरकार के ऐसे पहले प्रतिनिधि बने जिन्होंने पिछले शनिवार को अमृतसर में दमदमी टकसाल मुख्यालय में ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

फडणवीस ने कहा कि गुरु तेग बहादुर के 300वें शहीदी दिवस के देशव्यापी आयोजन के दौरान निमंत्रण मिलने पर महाजन पंजाब गए थे।

इस कार्यक्रम का ज़िक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि मंच पर सब कुछ गुरुमुखी में लिखा हुआ था।

उन्होंने कहा, “उस कार्यक्रम के पीछे कौन था या वहां किसकी तस्वीरें प्रदर्शित की गई थीं, इस बारे में सब कुछ गुरुमुखी में लिखा था, इसलिए इसकी कोई जानकारी नहीं थी। गिरीश महाजन वहां बहुत थोड़े समय के लिए ही उपस्थित थे।”

भाषा शफीक प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में