अमरावती, 15 फरवरी (भाषा) आंध्रप्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल नजीर ने आशा व्यक्त की कि यह पर्व सभी नागरिकों में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को प्रेरित करेगा।
लोक भवन से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में नजीर ने कहा, “महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मैं आंध्र प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं देता हूं। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है और आध्यात्मिक जागृति का अवसर प्रदान करता है।”
मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश की धरती पर पवित्र श्रीशैलम ज्योतिर्लिंग विराजमान हैं। नायडू ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, “महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर मैं राज्य के सभी लोगों को बधाई देता हूं। आइए हम श्रद्धा और रात्रि जागरण के साथ यह पर्व मनाएं और प्रार्थना करें कि भगवान शिव का आशीर्वाद सभी को समृद्धि प्रदान करे।”
पूर्व मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा कि महाशिवरात्रि भगवान शिव के प्रति समर्पण और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मैं राज्य के सभी लोगों को बधाई देता हूं और प्रार्थना करता हूं कि भगवान मल्लिकार्जुन का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे।”
वहीं, पूरे ओडिशा में शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भुवनेश्वर स्थित लिंगराज मंदिर, कटक के धवलेश्वर मंदिर, ढेंकनाल के कपिलाश मंदिर, भद्रक के अखंडलमणि मंदिर, बालासोर के चंदनेश्वर मंदिर, संबलपुर के हुमा मंदिर, पुरी के लोकनाथ मंदिर, गजपति जिले के महेन्द्रगिरि, बोलांगीर के हरिशंकर मंदिर और कोरापुट जिले के गुप्तेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा ने संवाददाताओं को बताया कि लिंगराज मंदिर में लगभग 41 प्लाटून पुलिस बल और विभिन्न रैंक के 200 से अधिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि शाम और रात के समय के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
भाषा राखी अमित
अमित