अमरावती, 14 फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को सेवा तीर्थ के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी और इसे भारत की शासन प्रणाली में एक मील का पत्थर बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सेवा तीर्थ का उद्घाटन किया। सेवा तीर्थ परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और कैबिनेट सचिवालय स्थित होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2014 से मोदी सरकार भारत में अतीत के औपनिवेशिक प्रतीकों को हटाने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “सेवा तीर्थ के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, केंद्र सरकार और सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई। यह भारत की प्रशासनिक शासन प्रणाली में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है और औपनिवेशिक अतीत से आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा तीर्थ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण के अनुरूप आधुनिक, कुशल, सुलभ और नागरिक-केंद्रित शासन प्रणाली के निर्माण के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को अब ‘सेवा तीर्थ’ के नाम से जाना जाएगा। केंद्रीय सचिवालय भवनों का नाम ‘कर्तव्य भवन’ रखा गया है, जबकि राजपथ का नाम बदलकर ‘कर्तव्य पथ’ कर दिया गया है।
भाषा
राखी संतोष
संतोष