भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता निर्यातकों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर: फियो अध्यक्ष

Ads

भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता निर्यातकों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर: फियो अध्यक्ष

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 10:01 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 10:01 PM IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) निर्यातकों के शीर्ष निकाय फियो ने बुधवार को कहा कि भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते के अमल में आने से दोनों देशों के बीच व्यापार को गति मिलेगी, देश के निर्यातकों की प्रतिस्पर्धी क्षमता मजबूत होगी और विभिन्न क्षेत्रों में नये अवसर बनेंगे।

भारत और ब्रिटेन ने बुधवार से मुक्त व्यापार समझौता लागू कर दिया, जिसके तहत कई भारतीय उत्पादों को ब्रिटेन के बाजार में शून्य आयात शुल्क पर पहुंच मिलेगी।

भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (फियो) के अध्यक्ष एस सी रल्हन ने कहा कि भारत-ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का लागू होना भारत के निर्यात के सफर में एक ऐतिहासिक क्षण है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह समझौता भारत के सबसे अहम व्यापार भागीदारों में से एक के साथ हमारी आर्थिक साझेदारी में एक नया अध्याय खोलता है और भारतीय निर्यातकों को ब्रिटेन के बाजार में बाजार पहुंच, अधिक निश्चितता और बेहतर प्रतिस्पर्धी क्षमता देता है।’’

रल्हन ने कहा, ‘‘ इस समझौते से खास तौर पर हमारे एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम), श्रम गहन उद्योग, किसानों, कारीगरों, शिल्पकारों, महिला उद्यमियों और सेवा क्षेत्र को लाभ होगा। इससे निर्यात में टिकाऊ वृद्धि और रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस समझौते से शुल्क बाधाओं में कमी, बाजार तक बेहतर पहुंच, व्यापार प्रक्रियाएं आसान बनाने के साथ… भारत के वस्तु और सेवा निर्यात को काफी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।’’

रल्हन ने कहा कि इस समझौते से चावल, चाय, कॉफी, मसाले, फल, सब्जियां, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, समुद्री उत्पाद और अन्य मूल्य वर्धित कृषि उत्पादों के लिए एक्सपोर्ट की बेहतर संभावनाएं सृजित होंगी।’’

भाषा रमण अजय

अजय