अमरावती, 15 फरवरी (भाषा) माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स 16 फरवरी को अमरावती का दौरा करेंगे और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ स्वास्थ्य तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से संबंधित पहलों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। आंध्र प्रदेश के मंत्री पी. नारायण ने रविवार को यह जानकारी दी।
गेट्स के सोमवार सुबह करीब 10 बजे राज्य सचिवालय पहुंचने और नायडू, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री नारा लोकेश तथा उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से संक्षिप्त मुलाकात करने की उम्मीद है।
राज्य के नगर मंत्री नारायण ने कहा, ‘‘गेट्स सोमवार को अमरावती का दौरा करेंगे और स्वास्थ्य तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संबंधित पहलों में सहयोग बढ़ाने के लिए नायडू के साथ चर्चा करेंगे।’’
गेट्स फाउंडेशन चित्तूर जिले के कुप्पम में स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाओं पर काम कर रहा है और प्रस्तावित वार्ता में इन हस्तक्षेपों को पूरे दक्षिणी राज्य में व्यापक आबादी को लाभ पहुंचाने के लिए विस्तारित करने की संभावनाओं का पता लगाने की उम्मीद है।
भाषा यासिर रंजन
रंजन