भाजपा सांसद गोपचाडे ने राहुल गांधी पर निशाना साधा, ‘भगोड़ा’ कहा

भाजपा सांसद गोपचाडे ने राहुल गांधी पर निशाना साधा, ‘भगोड़ा’ कहा

भाजपा सांसद गोपचाडे ने राहुल गांधी पर निशाना साधा, ‘भगोड़ा’ कहा
Modified Date: August 22, 2026 / 07:56 pm IST
Published Date: August 22, 2026 7:56 pm IST

नांदेड़, 22 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य अजीत गोपचाडे ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘‘भगोड़ा’’ करार दिया।

गोपचाडे ने शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत पर भी निशाना साधा और विपक्षी नेताओं से दूसरों को निशाना बनाने से पहले ‘‘अपने भीतर झांकने’’ को कहा।

गोपचाडे ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में गांधी पर संसद में चर्चा से बचने का आरोप लगाया और उन्हें विपक्ष का ‘‘भगोड़ा’’ नेता बताया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल छात्रों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर रहे हैं।

पुणे में शनिवार को आयोजित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम और उनके द्वारा सरकार की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद गोपचाडे ने कर्नाटक और झारखंड में शिक्षा मंत्रियों से जुड़े कथित घोटालों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को पहले अपने आचरण की समीक्षा करनी चाहिए।

संजय राउत पर निशाना साधते हुए गोपचाडे ने कहा कि उनके बयानों और राजनीतिक तौर-तरीकों ने उनकी अपनी पार्टी शिवसेना (उबाठा) को क्षति पहुंचायी है। उन्होंने कहा कि राउत को अपनी राजनीतिक भूमिका और दिशा पर आत्ममंथन करना चाहिए।

गोपचाडे ने युवा शक्ति को ‘‘राष्ट्र शक्ति’’ बताया। उन्होंने कहा, ‘‘2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’

राज्यसभा सदस्य गोपचाडे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवा भाजपा के साथ खड़े हैं।

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही मस्जिद ईदगाह विवाद से संबंधित लंबित कानूनी कार्यवाही और याचिकाओं पर उच्चतम न्यायालय विचार कर रहा है। इस संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण भारत की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि रामराज्य के आदर्श और भगवान कृष्ण से जुड़ा युग अधिक प्रमुखता हासिल करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘देश अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के नए सिरे से उभार का साक्षी बन रहा है।’’

हालांकि, सांसद गोपचाडे ने कहा कि उच्चतम न्यायालय और संविधान का सम्मान किया जाना चाहिए तथा किसी भी कानूनी मामले में अंतिम फैसला संविधान और न्यायपालिका के अनुरूप ही होगा।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में