मुंबई, 21 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी चिकित्सा सहायता की जरूरत वाले लोगों और मरीजों की मदद के लिए 50,000 ‘रुग्ण सेवकों’ की नियुक्ति करेगी।
बावनकुले ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर शनिवार को इस पहल की शुरुआत होगी।
उन्होंने कहा कि एक महाराष्ट्र में 28,000 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक में तथा राज्य में सभी नगर निकाय वार्ड में एक-एक रुग्ण सेवक को नियुक्त किया जाएगा। ये सभी एक साल के भीतर लोगों की सेवा का काम शुरू कर देंगे।
रायगढ़ जिले के एक गांव में भूस्खलन से हुई जानमाल की हानि का जिक्र करते हुए बावनकुले ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को फडणवीस के जन्मदिन पर बैनर, पोस्टर, होर्डिंग और आतिशबाजी का प्रदर्शन करने से बचना चाहिए।
बावनकुले ने भाजपा कार्यकर्ताओं से फडणवीस के जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाने को कहा।
भाषा सुरभि प्रशांत
प्रशांत