जालना, 19 जून (भाषा) महाराष्ट्र के जालना जिले में स्कूल के एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तानी गीत पर प्रस्तुति देने के आरोप में प्रधानाचार्य और दो शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, स्कूल का दावा है कि वह गीत तुर्किये टीवी धारावाहिक का था।
परतूर पुलिस ने प्रधानाचार्य वज़ियुद्दीन सिद्दीकी और दो अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता एवं अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्य), धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देना), धारा 197 (राष्ट्रीय एकीकरण को प्रभावित करने वाली भ्रामक जानकारी फैलाना) और धारा 353 (जनता में भय या अशांति पैदा करने की आशंका वाली झूठी सूचना का प्रसार करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इससे पहले सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि परतूर के ‘किड्स वर्ल्ड इंग्लिश स्कूल’ के छात्रों ने वार्षिक समारोह में पाकिस्तानी गीत पर नृत्य किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय विधायक बबनराव लोणीकर ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की है।
स्कूल प्रशासन ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
प्रधानाचार्य सिद्दीकी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान इस्तेमाल गीत तुर्किये के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘एर्तुग़रुल गाज़ी’ का था और उसका किसी पाकिस्तानी गीत से कोई संबंध नहीं है।
सिद्दीकी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ प्रस्तुति के दौरान दिखाई गई तस्वीर ‘एर्तुग़रुल गाज़ी’ धारावाहिक के एक अभिनेता की थी। कुछ लोगों ने इससे छेड़छाड़ कर इसे गलत तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।’’
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा तान्या निहारिका
निहारिका